मोरना/ ककरौली। ककरौली गांव में आम के बाग में गुलदार के दो शावक दिखाई देनेे से ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग टीम ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की।
ककरौली गांव निवासी पूर्व सब इंस्पेक्टर नियाज मेहंदी का ककरौली, टंढेड़ा, गंगदासपुर मार्ग पर आम का बाग है। उन्होंने बताया कि आम के बाग को गांव के ठेकेदार शाने पुत्र बुद्घन ने ठेके पर ले रखा है। वह आम के पेड़ पर मजदूरों के साथ आम तोड़ने का कार्य कर रहा था। तभी निकट गन्ने के खेत से गुलदार के दो शावक निकलकर उसी पेड़ के नीचे आकर बैठ गए। पेड़ पर चढ़े ठेकेदार शाने ने फोन कर बाग मालिक को सूचना दी। जिस पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर बाग की ओर दौड़ पड़े। दोनों शावक निकट गन्ने के खेत में भाग गए। वहीं वन विभाग टीम को सूचना मिलने पर वन दरोगा शबी हैदर, सुनील कुमार टीम के साथ बाग के अंदर पहुंचे और गुलदार के शावकों के पंजों के निशान का मिलान करते हुए बाग ठेकेदार और मजदूरों से जानकारी की। विगत दो सप्ताह पहले टंढेड़ा व बेहड़ा सादात रजवाहे पर गुलदार दो बच्चों के साथ जंगल में दिखाई देने से किसान खेतों से भाग खड़े हुए थे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सुरक्षा के उपाय कराने और वन विभाग टीम की गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है।