छपार। हाईवे निर्माण कर रही कंपनी के रोड़ी प्लांट पर कार्यरत गार्ड को वेतन मांगने पर सिक्योरिटी इंचार्ज ने कार से टक्कर मारकर घायल कर दिया। शिकायत करने पर आरोपी ने गार्ड के परिजनों को धमकी दे डाली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव खाईखेड़ी निवासी विकास बरला-बसेड़ा मार्ग स्थित हाईवे निर्माण कंपनी के रोड़ी प्लांट पर गार्ड है। बृहस्पतिवार को विकास ने सिक्योरिटी इंचार्ज से अपना वेतन मांगा तो उसने उसे टरका दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी ने अपनी कार से गार्ड विकास की बाइक में टक्कर मार दी, जिससे विकास घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। आरोप है कि विकास के भाई नितिन ने जब सिक्योरिटी इंचार्ज से इसकी शिकायत की तो उसे भी जान से मारने की धमकी दी गई। नितिन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव बिजोपुरा में शुक्रवार दोपहर अनुज नामक युवक की किसी बात को लेकर पड़ोसी से कहासुनी हो गई। आरोप है कि पड़ोसी ने दो अन्य साथियों के साथ लाठी-डंडों से पीटकर अनुज को गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर मचाने पर परिजन पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।