मुजफ्फरनगर। खतौली में संचालित महादेव स्टील पर स्टेट जीएसटी टीम ने माल के क्रय-विक्रय की जांच की। जांच के दौरान सामने आया कि बिना बिलों के ही सरिया आदि की खरीद और बिक्री की जा रही है। करीब 10 घंटे से अधिक चली जांच के बाद व्यापारी पर आठ लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। जिसे मौके पर ही जमा करा लिया गया। जबकि स्टॉक सीज कर दिया गया।
स्टेट जीएसटी विभाग की एसआइबी विंग के ज्वाइंट कमिश्नर सिद्धेश दीक्षित को सूचना मिली कि खतौली में सरिया व्यापारी बिना बिल ही खरीद-फरोख्त कर जीएसटी की चोरी कर रहा है। उनके निर्देश पर विभाग के डिप्टी कमिश्नर विवेक मिश्रा के नेतृत्व में टीम बनाई गई। डिप्टी कमिश्नर के नेतृत्व में खतौली पहुंची टीम ने महादेव स्टील पर छापा मारा। इस दौरान वहां माल का स्टाक, लेखा पुस्तक आदि की गणना के साथ जांच शुरू की गई।
करीब 10 घंटे से ज्यादा चली जांच में गड़बड़िया पकड़ी गई। फर्म की ओर से बिना बिलों के माल का विक्रय होता मिला। जांच में शामिल टीम के अधिकारियों को 80 टन टीएमटी सरिया बिना बिलों के विक्रय होने की पुष्टि हुई। इसके बाद फर्म स्वामी पर करीब आठ लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
ज्वाइंट कमिश्नर सिद्धेश दीक्षित ने बताया कि व्यापारी से आठ लाख रुपये की जुर्माना धनराशि मौके पर जमा कराई गई। इसके साथ ही टीम ने कई संदिग्ध प्रपत्र कब्जे में लिए है, जिसके आधार पर जांच चल रही है।