मुजफ्फरनगर/खतौली। कांवड़ यात्रा अपने पूरे खुमार पर आ गई है। देशभक्ति के जज्बे के साथ कांवड़िये आगे बढ़ते जा रहे हैं। शिवभक्तों की भीड़ के साथ कांविड़यों के चोटिल होने, गर्मी से थकने और बीमार होने के केस भी बढ़ गए हैं। वहीं, जिला अस्पताल स्टॉफ को कांवड़ ड्यूटी से मुक्त रखा गया है। सीएचसी-पीएचसी के स्टॉफ की ड्यूटी शामिल है।
कांवड़ियों के इलाज और कैंपों में दवाइयां पहुंचाने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग पर है। 16 जुलाई से कांवड़ियों की संख्या अधिक बढ़ गई है। दूरदराज के साथ लोकल क्षेत्रों से भी शिवभक्त कांवड़िय़ों ने गंगाजल लाना प्रारंभ कर दिया है। कांवड़ियों में इजाफा होने के साथ विभाग के कर्मी भी ड्यूटी के प्रति सतर्क हो गए हैं।
इस बार कांवड़ियों को उपचार देने के लिए बाइक एंबुलेंस भी रखी गई है। जनपदभर में करीब 60 से अधिक कर्मचारियों को इसके लिए ही रखा गया है, जिन्हें अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल कांवड़ियों को बाइक से सर्विस कर उपचार देना है। इसके अलावा सीएचसी-पीएचसी के स्टॉफ को कैंप लगाकर कांवड़ियों की सेवा करने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि जिला चिकित्सालय के स्टॉफ को कांवड़ ड्यूटी से मुक्त रखा गया है। सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने बताया कि बाइक एंबुलेंस की ड्यूटी उच्चाधिकारियों के निर्देश पर है। जिन रास्तों, क्षेत्रों में एंबुलेंस नहीं पहुंच सकती है, वहां बाइक एंबुलेंस को भेजा जा रहा है। वहीं, जिला अस्पताल के स्टॉफ को कांवड़ ड्यूटी से मुक्त रखा गया है।
उधर, खतौली एसडीएम ने बताया कि तहसील में कांवड़ यात्रा को लेकर कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारी कांवड़ यात्रा को लेकर तमाम जानकारियां आला अधिकारियों को दे रहे हैं।
रविवार को एसडीएम तहसील में स्थापित कंट्रोल रूम में पहुंचे। उन्होंने यहां तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा एसडीएम कन्हई सिंह व सीओ डॉ. राजीव कुमार ने पुलिस बल के साथ हाईवे, गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
सौहार्द के संदेश के साथ 76 फीट लंबी कांवड़ लेकर आए
छपार। कांवड़ियों की संख्या बढ़ने से माहौल शिवमय होता जा रहा है। 76 फीट लंबी तिरंगा ध्वज की कांवड़ लेकर भोले गुड़गांव जा रहे हैं। इन्हें देखने के लिए बरला में लोगों की भीड़ लगी है।
हरियाणा के जिला गुड़गांव के कस्बा सोहाना निवासी 15 भोलों की टोली तिरंगा से सजी 76 फीट लंबी कांवड़ हरिद्वार से लेकर अपने कस्बे को जा रहे हैं। रास्ते में वे आराम करने के लिए रुक गए। कांवड़ देखने के लिए भीड़ लगी रही। टोली के मुखिया त्रिलोक चंद ने कहा कि वे देशवासियों को प्रेम व भक्ति भावना का संदेश उक्त कांवड़ के माध्यम से देना चाहते हैं।
पुरकाजी में योगीराज रामराज लिखी कांवड़ के कस्बे में पहुंचने पर कांवड़ ला रहे कांवड़ियों ने जमकर बम-बम व रामराज- योगीराज के नारे लगाए। इसके अलावा 76 फीट लंबे तिरंगे वाली कांवड़ को देखने के लिए लोगों की उत्सुकता बनी रही। ब्यूरो