किराना की दुकान को 12 घंटे खोलने की इजाजत
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी ने किराना की दुकान को 12 घंटे खोलने की इजाजत दे दी है। अब किराना की दुकानें रोजाना सुबह सात से शाम सात बजे तक खोली जा सकेगी। बीड़ी, सिगरेट की दुकानें दिन में दस से चार बजे तक और स्पोर्टस के लिए दो घंटे की सुबह सात से नौ बजे तक छूट मिलेगी। निर्माण कार्यो की अनुमति शहर और ग्रामीण सभी जगह पर दे दी गई है।
लॉकडाउन-4 में भले ही जिले में कोरोना पॉजिटिव के केस बढ़ रहे हो, मगर प्रशासन लोगों को राहत दे रहा है। बाजार लगातार खुल रहे हैं। अब भी सुबह छह बजे से नौ बजे तक मात्र तीन घंटे ही कुछ रियायत वाले दुकानें खोलने की अनुमति थी। इसके बाद किराना की दुकानें सप्ताह में तीन दिन खोलने को कहा गया, जिसका व्यापार मंडल और नागरिकों ने विरोध किया। उनका कहना है कि किराना ही ऐसी दुकान है, जिस से अधिक से अधिक खाद्य सामान खरीदा जाता है। नागरिकों की इस मांग को प्रशासन ने पूरा कर दिया है। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने जनता को राहत देते हुए बताया कि किराना की दुकानों को अब प्रतिदिन सुबह सात से शाम सात बजे तक खोल सकते हैं। निर्माण कार्यों पर अब कोई प्रतिबंध नहीं है। शहरी और ग्रामीण सभी जगह निर्माण हो सकता है। स्पोर्ट्स स्टेडियम, स्पोर्ट कॉम्प्लेक्स, स्पोर्ट्स ग्राउंड को प्रतिदिन सात बजे से नौ बजे तक खोला जा सकेगा। बीड़ी और सिगरेट की दुकानें दिन में दस से चार बजे तक प्रतिदिन खोली जा सकेगी। ई-कॉमर्स नॉन एसेन्सल गुड्स की दुकानें प्रतिदिन खोली जा सकेगी। फोटो स्टेट, जिरोक्स एवं डिजिटल प्रिंटिंग की दुकानें दस से पांच बजे तक खुलेगी। घरों में काम करने वाले सहायक सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक काम कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। बिना वजह घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।