प्रेमी युगल के फरार होने से तनाव
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का पड़ोसी गांव की दूसरे वर्ग की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमी युगल फरार हो गया। मामला अलग-अलग गांव तथा अलग-अलग वर्ग से होने के कारण दोनों गांव के बीच दोनों तनाव बना हुआ है। युवती के परिजनों ने प्रेमी युवक के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने युवती की बरामदगी को लेकर प्रेमी युवक के पिता व एक दोस्त को भी हिरासत में लिया है और बरामदगी को लेकर छानबीन में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का पड़ोसी गांव निवासी दूसरे वर्ग की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमी युवक प्रेमिका युवती के साथ फरार हो गया। प्रेमी युगल दोनों अलग-अलग वर्ग से हैं। बताया गया है कि युवक का युवती के परिजनों के साथ पेड़ों की लकड़ी का व्यापार चल रहा था, जिसके चलते युवक का युवती के घर आना जाना था। इसी दौरान युवक-युवती में प्रेम हो गया और 3 दिन पूर्व प्रेमी युगल गांव से फरार हो गए। पहले तो युवती के परिजनों ने युवक के परिजनों से युवती की बरामदगी को लेकर दबाव बनाया। परंतु जब कोई सफलता नहीं मिली तो युवती के परिजनों ने आरोपी युवक के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए युवक के पिता एवं युवक के एक दोस्त को दो दिनों से हिरासत में ले रखा है। इस मामले को लेकर दोनों गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। इंस्पेक्टर योगेश शर्मा का कहना है कि पूछताछ के लिए युवक के पिता और युवक के एक दोस्त को हिरासत में लिया है। युवती की बरामदगी को लेकर पुलिस छानबीन में जुटी है। शीघ्र ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा।