जानसठ तहसील में जन समस्याएं सुनतीं जिलाधिकारी।
- फोटो : KHATAULI
जानसठ। जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने अधिकारियों से कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण संवेदनशील होकर प्राथमिकता पर करना सुनिश्चित करें। समयबद्धता का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि यह भी ध्यान रखा जाए कि एक ही प्रकृति की समस्या के निस्तारण के लिए फरियादी को बार-बार न आना पड़े। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस प्रणाली के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया जाए। शिकायतों के निस्तारण की क्रॉस चेकिंग की जाएगी।
तहसील जानसठ में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता के साथ सुना और उनका जल्द ही निस्तारण कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने चकबंदी विभाग, शिक्षा विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग, कृषि विभाग, पीडब्ल्यूडी, पुलिस, समाज कल्याण विभाग, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन आदि विभागों की समस्याओं पर निर्देश दिए कि एक सप्ताह के अंदर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस में 37 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम ने कहा कि शिकायत लंबित न रखी जाए और शिकायत प्राप्त होते ही उनके निस्तारण की कार्रवाई प्राथमिकता पर संचालित की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता परक ढंग से कराया जाए। इसके अतिरिक्त डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि जन सामान्य के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को दिया जाना सुनिश्चित किया जाए। जन सामान्य को मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाए। इस दौरान एसएसपी अभिषेक यादव, मुख्य विकास अधिकारी आलोक यादव, एसडीएम जानसठ अमृतपाल कौर सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।