साखन नहर पर ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुई बाइक
- फोटो : DEVBAND
बजरी से भरे ट्रक ने बाइक सवार दंपती को कुचला, मौत
देवबंद (सहारनपुर)। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे पर बजरी से भरे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। जबकि उनकी 12 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
उत्तराखंड थाना लक्सर के भरुनी गांव निवासी बिट्टू (37) मंगलवार को पत्नी संजो (32) व बेटी निधि (12) को बाइक पर लेकर थानाक्षेत्र के अंबोली गांव स्थित रिश्तेदारी में आ रहा था। जब वह नागल जाने के लिए साखन नहर की तरफ घूमा तो पीछे से आए बजरी से भरे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसके चलते दंपती की ट्रक के पहिये के नीचे कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। जबकि निधि सड़क पर दूर जाकर गिरने पर गंभीर रूप से घायल हो गई। इस दौरान चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दंपती का पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि निधि को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से नाजुक हालत के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि बाइक सवार के गलत साइड में आने के कारण हादसा हुआ है। मृतक दंपती के परिजनों को घटना की बाबत जानकारी दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।