महावीर चौक पार्टी कार्यालय पर वार्ता करते सपा नेता।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
दो महीने का किसानों का ट्यूबवेल बिल माफ करे सरकार
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने कहा कि भाजपा की सोच किसान विरोधी है। किसानों का गन्ना भुगतान नहीं हो पा रहा है और बैंक रिकवरी जारी कर रहे हैं। किसानों का दो महीने का ट्यूबवेल बिल माफ होना चाहिए।
सपा कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रमोद त्यागी ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जिला संगठन में जिया चौधरी को जिला महासचिव और सचिन सिंघल को जिला कोषाध्यक्ष मनोनीत किया है। इन दोनों से पार्टी संगठन के लिए काम करने की अपेक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि किसानों ने दो महीने से ट्यूबवेल नहीं चलाई है। दो महीने का बिजली का बिल माफ होना चाहिए। हाईकोर्ट ने आदेश दिया है कि जो चीनी मिल 14 दिन में भुगतान नहीं करेंगी, वह 15 प्रतिशत ब्याज के साथ भुगतान करें। जिले की चीनी मिलों पर किसानों का करोड़ों बकाया है। जब तक किसानों का भुगतान नहीं होता किसान की रिकवरी जारी नहीं होनी चाहिए। ओलावृष्टि में सरसों, आलू और गेहूं का काफी नुकसान हुआ है। जिला प्रशासन ने लिखकर भेज दिया है कि कोई नुकसान नहीं हुआ है। सपा सरकार की तरह भाजपा को भी किसानों को मुआवजा देना चाहिए। पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक अनिल कुमार, राकेश शर्मा, लियाकत अली, अलीम सिद्दीकी, अंसार आढ़ती, जिया चौधरी, सचिन सिंघल मौजूद रहे।