मुजफ्फरनगर में गोवर्धन पूजा के अवसर पर नईमंडी गोशाला में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान ने कहा कि देश में गोरक्षा और गोपालन को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। हमारी संस्कृति में गाय को माता कहा जाता है। गोशालाओं की केंद्र सरकार आर्थिक मदद भी कर रही है। उन्होंने कहा कि नईमंडी की कमेटी प्रस्ताव करेगी तो वह केंद्र से पच्चीस लाख का अनुदान देगी।
इस अवसर पर विधायक कपिलदेव अग्रवाल ने गोशाला के लिए अपनी निधि से एक लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में भीमसेन कंसल, पूर्व विधायक अशोक कंसल, श्याम सिंह सैनी, संजय मित्तल, विनय गोयल, हरी शंकर मूंधडा, राजेश गोयल, श्याम सुंदर, अरुण खंडेलवाल, जयप्रकाश बंसल, वेदप्रकाश आदि मौजूद रहे। इस अवसर पर गोवर्धन की इक्यावन फुट की प्रतिमा बनाई गई। यहां अन्नकूट का आयोजन भी किया।
उधर, गोशाला सभा शहर में भी गोवर्धन पूजा का आयोजन हुआ। जनेश्वर दयाल, सुगंध जैन, अजय गोयल, प्रवीण कुमार अरोरा, आत्माराम गर्ग, रजनीश गोयल, श्यामलाल बंसल आदि मौजूद रहे। रेलवे स्टेशन स्थित प्राचीन पीपलेश्वर मंदिर में अन्नकूट का आयोजन हुआ। इस अवसर पर राकेश कुमार, अंजु, ममता गोयल, कमलकांत, दिलीप कुमार, प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे। शहर के अधिकतम मंदिरों में अन्नकूट का आयोजन हुआ।
वहीं चरथावल में नगर एवं देहातों में गोवर्धन का त्योहार उल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। कस्बे के मोहल्ला कानूनगोयान में लक्ष्मीनारायण मंदिर श्रद्धालुओं में गोवर्धन पर्वत को सजाकर विधिवत पूजा अर्चना हुई। संतोष तिवारी ने पूजन कराया। भगवान के 56 व्यंजनों से भोग लगाकर अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। जियालाल गर्ग, अमरीश गर्ग, अनिल कश्यप, निशांत गर्ग, सौरभ, अंकित कुमार, शुभम, मोहित शर्मा, अमित गर्ग और राहुल सोम का सहयोग रहा।
कई स्थानों पर कृष्ण कुमार शर्मा ने गोवर्धन की पूजा कराई। किसानों और पशुपालकों के घरों में गोवर्धन के त्योहार पर खासा उत्साह नजर आया। कसबे के अलावा कई गांवों में लोगों ने अन्नकूट का प्रसाद चखा। उधर, पुरकाजी के कस्बे में श्रीबालाजी धाम पर गोवर्धन पूजा व अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। गुरु जी पं घनश्याम दास शर्मा के सानिध्य में श्रीबालाजी धाम मंदिर समिति द्वारा सवेरे हवन पूजन किया गया।
खतौली में गऊशाला में सोमवार को गोवर्धन पर्व पर श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। इसके अलावा मंदिरों में भी अन्नकूट का प्रसाद बांटा गया। रेलवे रोड स्थित संकीर्तन मंडल की महिलाओं ने कीर्तन व भजन कर गोवर्धन की पूजा अर्चना की। गोबर से भगवान कृष्ण द्वारा हाथ पर गोवर्धन पर्वत को धारण किए स्वरूप का निर्माण किया। 56 प्रकार के पकवान का भोग लगाकर श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने अपने घरों में भी अन्नकूट का आयोजन किया। कन्याओं को जिमाया गया और प्रसाद वितरण किया।