संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। एक माह पूर्व आवास विकास कॉलोनी में दिन के समय हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी के आरोपी को पकड़ कर उसके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में 33 मुकदमे दर्ज हैं।
गांव टिटौड़ा निवासी आशीष भाटी ने थाने पर मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि आवास विकास कॉलोनी में उसके मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखी नकदी, सोने, चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए थे। मंगलवार को सूचना मिली कि आवास विकास में हुई चोरी का माल बेचने के लिए वांछित अपराधी मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाले हैं। सूचना पर पुलिस हाईवे पर एक होटल के निकट खड़ी हो गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट सुहैल गार्डन निवासी आरिफ उर्फ हकला बताया।
पुलिस ने उसके कब्जे से बैग में रखे चोरी किए गए जेवरात समेत 47 हजार 150 रुपये बरामद किए। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में 33 अपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि इस घटना में मेरठ के श्यामनगर हाल पता सुहैल गार्डन थाना लिसाड़ी गेट निवासी समीर उर्फ बिटटू का नाम भी प्रकाश में आया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।