सदर बाजार में ग्राहक के इंतजार में दुकानदार।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। नए साल के पहले दिन बाजार का हाल मंदा रहा। घने कोहरे और सर्दी के कारण कारोबार भी ठंडा रहा। कपड़े विक्रेताओं के यहां जरूर भीड़ रही। इसके अलावा वर्ष का पहला दिन होने पर कुछ दुकानदारों ने उधार सामान नहीं दिया। उनका कहना था कि वर्ष के पहले दिन नकद बिक्री होना अच्छा शगुन माना जाता है।
नए साल को लेकर दुकानदारों में काफी उत्साह रहा, मगर दुकानदारी कम रही। शुक्रवार को शहर में लोगों की काफी चहल पहल दिखाई दी, लेकिन दुकानों पर ग्राहक कम मिले। सर्दी के कारण गर्म कपड़ों की दुुकान पर ही खरीदारी होती मिली। टाउनहाल रोड पर गर्म कोट, जैकेट, जर्सी के दुकानदार एजाज की दुकान पर गर्म कपड़ों की खरीदारी हुई। हालांकि दुकानदार का कहना था कि इतनी सर्दी होने पर वो बिक्री नहीं हुई, जिसकी आशा थी। सदर बाजार में धीरज क्लाथ हाउस के मालिक आवेश मित्तल ने बताया कि वर्ष का पहला दिन रोजमर्रा जैसा ही रहा। शादी विवाह का सीजन नहीं होने से दुकानदारी प्रभावित हो रही है। हां पहले दिन किसी भी ग्राहक को उधार नहीं दिया, जो बेचा वो नकद ही बेचा है।
उधर, खतौली में घना कोहरा होने के कारण बाजार देरी से खुले। बाजारों में गिफ्ट, जूते, कपड़े, गहने आदि बेचने वाले दुकानदार अधिकांश खाली ही दिखाई दिए। साड़ी विक्रेता अज्जू ने बताया कि ठंड का असर व्यापार पर भी पड़ रहा है। कपड़ा कारोबारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि दुकानदारी न्यूनतम स्तर पर है। रेडीमेंट गारमेंट दुकानदार सुरेंद्र कुमार ने बताया कि गर्म कपड़े की दुकानदारी ठीक ठाक चल रही है। बड़ा बाजार में शूज विक्रेता आसिफ खान का कहना है कि सर्दी के कारण कम ग्राहक आ रहे है।