कलक्ट्रेट में धरना देते भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
भाकियू ने जवानों पर हो रहे हमलों की निंदा करते हुए कलक्ट्रेट में धरना दिया। केंद्र सरकार से देश विरोधी तत्वों के सफाए की मांग की। शहीदों को श्रद्धांजलि देकर दो मिनट का मौन धारण कर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। प्रशासन के माध्यम से सीएम योगी को भेजे ज्ञापन में शहीदों के परिवारों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देने और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। ज्ञापन में किसानों का बकाया भुगतान मय ब्याज के दिलवाने की मांग भी की गई।
भाकियू कार्यकर्ता महावीर चौक स्थित कार्यालय पर एकत्र हुए। वहां पर सभा कर नक्सली हमले की निंदा की गई। इसके बाद पैदल जुलूस के रूप में कचहरी पहुंचे, जहां पर जुलूस धरने में बदल गया। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने कहा कि देश में जवानों पर हमले हो रहे हैं। सुकमा में नक्सली हमले में 25 जवान शहीद हो गए, जिनमें जिले का जवान मनोज कुमार भी शामिल है। यह हमला देश की सुरक्षा के लिए घातक है।
भाकियू इस हमले की निंदा करती है। साथ ही केंद्र की मोदी सरकार से देश विरोधी तत्वों का जल्दी सफाया करने की मांग की। उन्होंने दिल्ली सरकार की तर्ज पर सीएम योगी आदित्यनाथ से शहीदों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी दिलवाने की मांग की। धरने में दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी को सीएम के नाम ज्ञापन दिया गया। अध्यक्षता मोहम्मद हनीफ और संचालन डॉ परवेंद्र ढाका ने किया। इस दौरान धीरज लाटियान, नवीन राठी, विकास राठी, संजय त्यागी, समीर पंवार, अंकित राजपूत, जहीर फारुकी, विनय भारद्वाज, सतीश, सिद्धार्थ, पर्याप्त आदि मौजूद रहे।