युवती का शव मेरठ की भोला झाल में मिला
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। युवती का शव मेरठ की भोला झाल से पुलिस ने बरामद कर लिया है। युवती का शव गला रेता हुआ था। शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। पुलिस ने आरोपी को शनिवार को ही जेल भेज दिया था, वह कोरोना पॉजिटिव था। पुलिस अब उसके पुत्र को तलाश करने में जुटी है।
इंस्पेक्टर डीके त्यागी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी अपने साथी तहमूर के साथ पेड़ काटने का काम करता था। काम के सिलसिले में उसका दोस्त के घर आना जाना प्रारंभ हो गया। इसी दौरान शादीशुदा तहमूर का उसकी बेटी तबस्सुम से प्रेम संबंध हो गए थे। करीब छह साल से जारी इन प्रेम संबंधों के चलते 23 मई को तहमूर ने प्रेमिका तबस्सुम को उसके घर से अगवा कर लिया था। प्रेम प्रसंग को लेकर तहमूर की पत्नी और पुत्र शुऐब विरोध करते थे। जिसको लेकर परिवार में झगड़ा होता रहता था। तहमूर भी अब तबस्सुम से पीछा छुड़ाना चाह रहा था। इसलिए पिता और पुत्र ने मिलकर तबस्सुम की हत्या करने की साजिश रची। पिता तहमूर ने अपनी प्रेमिका का साथियों के साथ मिलकर अपहरण किया और उसी रात्रि को जंगल में अपने पुत्र शुऐब को बुलाया। जंगल में ही पिता व पुत्र ने मिलकर तबस्सुम का गला रेतकर हत्या कर दी।
इसके बाद दोनों ने शव को मृत युवती के ही कपड़ों में लपेटकर बोरे में भरकर ईंट पत्थर बांधकर सिखेड़ा गंगनहर में फेंक दिया था। 27 मई को युवती के पिता नफीस की तहरीर पर तहमूर के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज कर तहमूर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या का खुलासा किया था। रविवार को युवती का शव मेरठ की भोला झाल में मिला। पुलिस का कहना है कि पानी के बहाव की वजह से बोरे से शव निकलकर बहता हुआ मेरठ की भोला झाल तक पहुंच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी तहमूर को शनिवार को जेल भेज दिया था। आरोपी पुत्र शुऐब को तलाश किया जा रहा है। आरोपी पिता व पुत्र के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा तरमीम करने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।