युवती से छेड़छाड़, विरोध पर परिजनों सेे मारपीट
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी युवती ने तहरीर देकर बताया कि वह मंगलवार शाम खेत पर जा रही थी। आरोप है कि गांव के ही दूसरे वर्ग के आरिफ ने अकेली पाकर उसके साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें कीं। शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गया, लेकिन कुछ देर बाद युवती के घर जा पहुंचा और वहां मौजूद युवती के माता-पिता के साथ गालीगलौज व मारपीट करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दे डाली। पीड़िता ने तहरीर देकर आरोपी से जान-माल का खतरा जताया है, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा।
हादसों में युवती समेत दो घायल
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के एकता विहार निवासी धीर सिंह ने तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी आक्षी स्कूटी से शहर आ रही थी। आरोप है कि रुड़की रोड पर संगम होटल के निकट अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, हरियाणा के जनपद कैथल निवासी सुरेंद्र सिंह ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि शामली रोड पर बस चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक क्षतिग्रस्त होने के साथ ही वह भी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।