तितावी के गांव नसीरपुर के जंगल में गेहूं काटते समय बिज्जू ने एक बच्चे पर हमला कर दिया। यह नजारा देख बच्चे की बहन बिज्जू से भिड़ गई। लड़की ने बिज्जू को पटक-पटककर मार डाला। इतना ही नहीं बच्चे का पिता बिज्जू को रस्सी में बांधकर जिला अस्पताल पहुंचा तो अफरातफरी मच गई।
नसीरपुर गांव में बिशन सिंह अपने परिवार के साथ गेहूं की कटाई कर रहा था। उन्होंने ढाई साल का बच्चा माधव पेड़ की छाया में लेटा रखा था। इसी दौरान पेड़ से उतरे बिज्जू ने अचानक बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे के चिल्लाते ही गेहूं काट रही बिशन की बेटी की नजर उस पर पड़ी। वह तुरंत बच्चे के पास पहुंची और बिज्जू पर दरांती से हमला किया।
काबू में आने पर बिज्जू को पटक-पटककर मार डाला। लहूलुहान बच्चे के साथ ही बिशन सिंह बिज्जू को भी रस्सी में बांधकर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंच गया। बिज्जू को देख अस्पताल में भी अफरातफरी मच गई। मजदूर बिशन का कहना था कि बिज्जू को वह इसलिए साथ लाया है, ताकि डॉक्टरों को बताया जा सके कि किस प्रजाति के जानवर ने बच्चे को काटा है। बाद में बिज्जू को नाले में फिंकवाया गया।