मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने धर्म परिवर्तन कर गांव के ही दूसरे वर्ग के प्रेमी संग शादी कर ली। शादी के बाद पीड़िता ने परिजनों से अपने व पति की जान को खतरा जताते हुए एसएसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अलग-अलग वर्ग के युवक-युवती के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। चार दिन पूर्व प्रेम-प्रसंग के चलते प्रेमी युगल गांव से फरार हो गया था, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी। अब युवती ने एसएसपी अभिषेक यादव को पत्र भेजकर खुद को पूरी तरह बालिग बताते हुए प्रेमी संग शादी करने की बात कही है।
युवती के अनुसार, वह बीए की छात्रा है और उसने धर्म परिवर्तन कर प्रेमी के साथ शादी कर ली है। युवती ने अपना नाम भी परिवर्तित करते हुए शादी के बाद प्रेमी संग ही रहने और अपने परिजनों से जान का खतरा जताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
एसओ का कहना है कि उनके संज्ञान में युवती द्वारा धर्म परिवर्तन कर प्रेमी संग शादी करने का मामला नहीं है। यदि युवती द्वारा सुरक्षा की गुहार लगाई जाती है तो कानून के अनुसार मामले में कार्रवाई की जाएगी।