छपार में दिल्ली-दून हाईवे पर देहरादून की ओर से आ रही एक कार तेज रफ्तार पर डिवाइडर से टकराने के बाद बेकाबू हो गई और डिवाइडर पार दूसरी साइड जाकर पलट गई। इसी दौरान दूसरी साइड से आ रही एक अन्य कार भी इससे टकरा गई। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके तीन अन्य दोस्त और दूसरी कार में सवार परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया। इन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा हाईवे संख्या 58 पर शुक्रवार शाम बिजोपुरा चौराहे के पास हुआ और इसमें मरने वाला युवक सार्थक कुमार (22) राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद का रहने वाला था। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि उसके पिता डीके सिन्हा गोरखपुर नगर निगम में अपर नगर आयुक्त पद पर तैनात हैं। सार्थक अपने दोस्त अमलतास, दिवांश व आर्यन के साथ कार से मसूरी घूमने गया था और हादसे के वक्त ये वापस लौट रहे थे। देर शाम जैसे ही उनकी कार हाईवे पर छपार के बिजोपुरा चौराहे के पास पहुंची, तेज रफ्तार पर अचानक चालक कार पर से नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी साइड जाकर पलट गई।
जब तक कोई कुछ समझ पाता, दूसरी साइड से आ रही दूसरी कार पलटी हुई कार से टकरा गई। पलटी कार में सवार सार्थक समेत चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी कार में सवार उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार के झबरेड़ा क्षेत्र के गांव मानकपुर निवासी कुलदीप, उसकी पत्नी मुनेश, साली सोनिया व सास सुशीला भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों कारों में फंसे सभी लोगों को निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। इंस्पेक्टर सुभाष राठौड़ ने बताया कि सार्थक को जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों के परिजनों को हादसे से अवगत करा दिया गया है।
ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत, तीन घायल
रतनपुरी/खतौली। गांव सिकंदरपुर तालाब के पास मिल से गन्ना डालकर आ रहे दो ट्रैक्टर-ट्रालियों की ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में चालक और क्लीनर सहित तीन लोग घायल हो गया। शुक्रवार सुबह रतनपुरी क्षेत्र के गांव नंगला निवासी चालक वकील पुत्र सईदु अपने ट्रक में डस्ट और रेत लेकर खतौली की ओर जा रहा था। उसके साथ में क्लीनर उसके गांव का ही चचेरा भाई सबनूर पुत्र इस्लाम भी साथ था। जब ये लोग सिकंदरपुर में तालाब के पास पहुंचे, तो खतौली शुगर मिल में गन्ना डालकर आ रहे।
आगे पीछे चल रहे दो ट्रैक्टर ट्रालियों से ट्रक की आमने सामने की भिड़ंत हो गई। दोनों ट्रैक्टर ट्रॉले ट्रक में जा घुसा। जिससे चालक वकील व क्लीनर इस्लाम ट्रक में फंस गए। हादसे में चालक व क्लीनर के पैर टूट गए। हादसे के बाद दोनों ट्रैक्टर के चालक मौके से फरार हो गए। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार कपिल पुत्र सलेकचंद बालाजी मंदिर राजस्थान से दर्शन कर आ रहा था। वह अपने गांव डबल जाने के लिए खतौली से ट्रैक्टर में बैठ गया था।
कपिल भी ट्रैक्टर के नीचे घिसटने से बुरी तरह घायल हो गया। सूचना पर रतनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को खतौली के अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, हादसे के दौरान खतौली व बुढ़ाना मार्ग पर जाम लग गया। काफी दूर तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया। पुलिस दोनों ट्रैक्टरों को थाने ले गई है। जबकि दोनो ट्रैक्टर चालकों का अभी तक पता नहीं चल सका है।