गंगदासपुर में गन्ना तोल केंद्रों की जांच करते डीसीओ डॉ आरडी द्विवेदी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
घटतौली पकड़ी, तौल लिपिक केंद्र से फरार
मुजफ्फरनगर। टिकौला चीनी मिल के तौल केंद्रों पर अफसरों के औचक निरीक्षण के दौरान दो तौल लिपिक तौल केंद्र छोड़कर फरार हो गए। जबकि एक तौल लिपिक ने अफसर की निरीक्षण रिपोर्ट ही फाड़ दी। गन्ना विभाग ने तीनों तौल लिपिक के तौल लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं।
जिला गन्ना अधिकारी आरडी सिंह के नेतृत्व में गन्ना और खांडसारी विभाग के अधिकारियों ने टिकौला चीनी मिल के तौल केंद्रों हैदरपुर और गंगदासपुर में औचक निरीक्षण किया। हैदरपुर में जांच के लिए पहुंची टीम को निरीक्षण के दौरान मौके पर निरीक्षण पुस्तिका, मानक बांट, बीम स्कैल नहीं मिले। आरोप है कि तौल लिपिक अमित कुमार ने अफसरों द्वारा तैयार की निरीक्षण रिपोर्ट फाड़ दी। डीसीओ आरडी द्विवेदी मौके पर पहुंचे और तौल लिपिक के तौल लाइसेंस को निरस्त करने के आदेश दिए।
गंगदासपुर के तौल केंद्र प्रथम और द्वितीय पर टीम पहुंची तो तौल लिपिक फरार हो गए। गंगदासपुर प्रथम के तौल लिपिक अंकुर कुमार और द्वितीय के तौल लिपिक मिथुन चौहान का तौल लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। दोनों जगह गड़बड़ी मिलने पर टिकौला मिल को अवगत करा दिया गया है। अभियान में खांडसारी अधिकारी चंद्रशेखर, निरीक्षक संदीप कुमार, मनोज पाठक, उमेंद्र कुमार आदि शामिल रहे। डीसीओ ने बताया कि तीनों तौल लिपिकों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं।