घर में लगी आग के बाद पहुंचे मोहल्ले के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
जानसठ रोड पर रविवार रात शॉर्ट सर्किट से मकान में आग लग गई। जिसमें अंदर रखा गैस सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटने के तेज धमाके से आसपास के घरों में सो रहे लोग जाग गए और उनमें दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी ने आग पर बमुश्किल काबू पाया। आग से मकान में रखा लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर राख हो गया।
जानसठ रोड के रहने वाले रियाज अहमद की पत्नी शाहिस्ता अपने बच्चों को साथ लेकर मकान बंदकर अपने मायके मुजफ्फरनगर गई हुई थी। रविवार रात को अचानक बिजली का शॉर्ट सर्किट होने से मकान के अंदर आग लग गई। रसोई तक आग पहुंची तो तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया।
गैस सिलेंडर फटने से आसपास के मकान तक दहल गए और लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फायर बिग्रेड की गाड़ी को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। हादसे में मकान के अंदर रखी हजारों रुपयों की नगदी, कपड़े, फ्रीज, वाशिंग मशीन समेत लाखों रुपयों का कीमती सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना पर सोमवार सुबह मकान मालिक भी अपने घर लौट आए।