मुजफ्फरनगर। गैस के दाम बढ़ने से गृहिणियों के सामने रसोई के बजट का संकट बढ़ने लगा है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलिंडर के दाम में 29 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले सात मार्च को एलपीजी सिलिंडर पर 60 रुपये बढ़ाए गए थे। तीन माह के दौरान दूसरी बार दाम बढ़ने से आठ लाख से अधिक परिवारों की रसोई का बजट बिगड़ने की आशंका है। इनमें दो लाख से अधिक परिवार उज्जवला योजना के लाभार्थी हैं।
फरवरी माह के अंत में पश्चिमी एशिया में युद्ध छिड़ने के बाद से पेट्रोलियम पदार्थो के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है। तीन माह के दौरान सिलिंडर 89 रुपये महंगा हो चुका है। हालांकि इससे पहले तीन बार व्यावसायिक सिलिंडर के दामो में भी वृद्धि की जा चुकी है। लगातार बढ़ोतरी से रसोई के बजट पर असर पड़ेगा।
अभी तक सामान्य उपभोक्ताओं के लिए 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलिंडर की कीमत 928 रुपये थी। अब इसकी कीमत बढ़कर 957 रुपये हो गई। उज्ज्वला योजना के सिलिंडर में भी दाम की बढ़ोतरी हुई है।
n डीलर्स एसोसिएशन को मिला सरकार का आदेश : एलपीजी एसोसिएशन के अध्यक्ष अवनीत कंसल का कहना है कि सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलिंडर के दामों में 29 रुपये की बढ़ोतरी की है। सभी डीलर्स को ईमेल के माध्यम से सरकार के निर्णय की जानकारी हो गई है।