प्राइवेट बस अड्डों पर लगे हैं कूड़े के ढेर, उखड़ी इंटरलॉकिंग व गहरे गड्ढे
मुजफ्फरनगर। शहर में संचालित प्राइवेट बस अड्डों पर जनसुविधाएं न के बराबर हैं। मूलभूत सुविधाओं के अभाव में यहां पहुंचने वाले मुसाफिरों को मजबूरी में ऐसी स्थिति में रहकर यात्रा करनी पड़ती है। प्राइवेट संचालकों के हाथ में होने के कारण प्रशासन द्वारा भी यहां सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर पहल नहीं करता, जिसका खामियाजा अंतत: मुसाफिरों को ही उठाना पड़ता है।
अमर उजाला टीम ने प्राइवेट बस अड्डों का जायजा लिया। शहर के भोपा बस स्टेंड पर इंटरलॉकिंग उखड़ी मिली और जगह-जगह कूड़े के ढेर मिले। बस अड्डे के गेट पर दोनों ओर अवैध अतिक्रमण मिला, जिससे मुसाफिर बेहाल रहते हैं। पीने के पानी की भी उचित व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। चरथावल बस अड्डे पर शौचालय के पास गंदगी का ढेर लगा मिला, जिस कारण यात्रियों खासकर महिलाओं को परेशानियों से दो-चार होना पड़ता है। जगह-जगह गड्ढे होने से बसों में चढ़ना-उतरना यात्रियों के लिए मुश्किल रहता है। इस संबंध में बस अड्डा ऑपरेटर्स का कहना है कि जल्द ही बस अड्डों को आधुनिक बनाए जाने की तैयारी की जा रही है, जहां यात्रियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
यात्रियों का है कहना ........
-- मरगूब: प्राइवेट बस अड्डों पर शौचालय की स्थिति काफी गंभीर है। हर समय गंदगी के ढेर लगे होने व पानी निकासी के साधन नहीं होने से स्थिति नारकीय है।
- अंकित कुमार: बस अड्डे पर जगह-जगह पत्थर पड़े होते हैं, जिससे बसों में चढ़ते-उतरते समय चोट लगने का खतरा रहता है। बसों में सफर के दौरान भी सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई जाती हैं।
- नफीस: प्राइवेट बस अड्डा ऑपरेटर यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं से मुंह छिपाते हैं। किसी भी बस अड्डे पर आधुनिक शौचालय तक नहीं होता, जिससे काफी मुश्किलें उठानी पड़ती हैं।
----
- लोकेंद्र: बस अड्डों पर पीने के पानी नहीं है। साथ ही शौचालय की भी उचित व्यवस्था नहीं है। सफाई न होने से कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। वहीं, कोविड-19 के बावजूद सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान नहीं रखा जाता।-------------
इन्होंने कहा ........
भोपा बस अड्डा के मैनेजर अंजुम अब्बास जैदी का कहना है कि बस अड्डे को आधुनिक बनाने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल इंटरलॉकिंग दुरुस्त की जा रही है।
-----
-चरथावल बस अड्डा ऑपरेटर अवनीश का कहना है कि बस अड्डे पर जल्द ही इंटरलॉकिंग की जाएगी। गंदगी को साफ कराते हुए यात्रियों को हर प्रकार से सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
-