गंगनहर में डूबे युवक की तलाश करते गोताखोर।
- फोटो : अमर उजाला
खतौली गंगनहर में दोस्तों के साथ नहाते समय युवक डूब गया। परिजनों को गंगनहर पर कपड़े मिलने पर युवक के डूबने का पता चला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों से युवक को तलाश कराया, लेकिन वह नहीं मिल सका। पुलिस ने डूबे युवक के दोस्तों को हिरासत में ले लिया है। युवक के डूबने की खबर मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
मोहल्ला होली चौक पक्काबाग निवासी पंकज (26) पुत्र राजकुमार बेगरजपुर स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। पिता के मुताबिक पंकज सुबह फैक्ट्री में ड्यूटी जाने के लिए घर से गया था। दोपहर एक बजे पिता की मोबाइल फोन पर पंकज से बातचीत भी हुई थी। पंकज ने फोन पर कहा था कि वह घर आ रहा है।
शाम चार बजे तक जब पंकज घर नहीं लौटा, परिवार के लोग उसको तलाश करते हुए गंगनहर पर पहुंचे। परिवार के लोगों ने गंगनहर किनारे पंकज के कपड़े पड़े देखे। कपड़े मिलने से परिवार के लोगों को गंगनहर में डूबने का शक हो गया। परिवार के लोगों ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान लोगों ने बताया कि पंकज अपने दोस्तों के साथ गंगनहर में नहा रहा था। नहाते समय पानी के तेज बहाव की वजह से वह गंगनहर में डूब गया। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस के दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंकज के दोस्तों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने गोताखोरों से उसको गंगनहर में तलाश कराया।
गंगनहर में तलाश करने के बावजूद वह नहीं मिल सका है। गंगनहर में डूबा पंकज भी परिवार में इकलौता बेटा है। बुधवार को गंगनहर में डूबा नमनपाल भी परिवार में इकलौता था। वह भी अपने दोस्तों के साथ गंगनहर में नहाते हुए डूब गया था। पंकज के गंगनहर में डूबने से परिवार में कोहराम मचा है।