देवबंद (सहारनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के साथ गैंगरेप करने का मामला प्रकाश में आया। आरोपियों ने गैंगरेप की वीडियो को सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया। पीड़ित परिजनों ने पुुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
मंगलवार को किशोरी के पिता द्वारा पुलिस को दी तहरीर में बताया 14 सितंबर को पूर्वाह्न करीब 11 बजे उसकी 13 वर्षीय बेटी जंगल में पशुओं के लिए घास लेने गई। इस दौरान वहां पहले से मौजूद गांव के ही दो युवकों ने उसे बुरी नीयत से दबोच लिया तथा जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। पीड़ित व्यक्ति के मुताबिक जब काफी देर तक बेटी घर नहीं पहुंची तो वे पत्नी के साथ जंगल में पहुंचे तो बेटी एक खेत में पड़ी मिली। उन्होंने उसे चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। होश में आने पर बेटी ने घटना की बाबत जानकारी दी। उसने बताया आरोपी युवकों ने गैंगरेप की वीडियो भी बनाई है। किसी को बताने पर उन्होंने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। जब वह बेटी को लेकर पुलिस के पास पहुंचा तो आरोपियों को इसकी जानकारी हो गई और उन्होंने धमकी के मुताबिक वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की गुहार लगाई। वहीं, इंस्पेक्टर अशोक सोलंकी ने कहा तहरीर के आधार पर आरोपी रविंद्र और माइकल के विरुद्ध विभिन्न धारा में रिपोर्ट दर्ज की। दोनों आरोपी फरार हैं।