भाजपा की जिला कमेटियों में पंजाबी समाज की अनदेखी से रोष
देवबंद। भाजपा द्वारा पश्चिम उत्तर प्रदेश की घोषित जिला कमेटियों में पंजाबी व सिख समाज को उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिए जाने से पंजाबी समाज के लोगों में रोष है।
बृहस्पतिवार को लाजपत नगर कालोनी में युवा पंजाबी क्लब की बैठक में समाज के संरक्षक सेठ कुलदीप कुमार ने कहा कि भाजपा ने पंजाबी व सिख समाज को जिला कमेटियों में उचित स्थान नहीं देकर समाज का अपमान किया है। विशेष सलाहकार सरदार बालेंद्र सिंह ने कहा कि जिला कमेटियों में पंजाबी व सिखों की अनदेखी किए जाने से समाज के लोग स्वयं को ठगा महसूस कर रहे हैं। चुनाव के समय टिकट देने का मौका हो या कमेटियों में पद देने का हमेशा ही हाईकमान पंजाबी बिरादरी को भूल जाता है। अध्यक्ष गुरजोत सिंह सेठी ने कहा कि भाजपा नेता पंजाबी व सिखों का वोट तो लेना चाहते ही परंतु पद देने के समय उन्हें इस समाज के प्रतिनिधित्व का ध्यान नहीं रहता। कहा कि वेस्ट यूपी की सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ व बिजनौर की जिला कमेटियों में किसी भी सिख को पद न दिया जाना इसका स्पष्ट उदाहरण हैै। इसका खामियाजा पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में उठाना पड़ सकता है। इस मौके पर सरदार दिलबाग सिंह, विजय गिरधर, श्याम लाल भारती, डा. गुरदीप सिंह सोढी, जसमीत सिंह, अरविंदर सिंह कपूर, संजय चावला, संजय सलूजा, रविंद्र सिंह पनियाली, हरजीत सिंह पनियाली, राजपाल नारंग, गगन गिरधर, अमित भारती, अमृत सिंह कपूर आदि मौजूद रहे।