गठ़वाला के फुगाना गांव में इंडेंट की समस्या पर विचार करते ग्रामीण।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
गन्ने की पर्चियां कम आने से गठवाला खाप में रोष
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। गन्ने की पर्चियां कम आने के कारण गठवाला खाप के गांवों के किसानों में प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ जबरदस्त रोष है। फुुगाना गांव में आयोजित मीटिंग में किसानों ने गन्ने का इंडेंट भेजने में सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है। समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने डीसीओ के घेराव की चेतावनी दी है।
गठवाला खाप के गांव फुगाना में पूर्व प्रधान चौधरी धाम सिंह के घेर में मंगलवार को ग्रामीणों की हुई बैठक में गन्ने की पर्ची व इंडेंट कम आने की समस्या को लेकर नाराजगी जताई गई। इस मुद्दे को लेकर आपस में घंटों विचार विमर्श हुआ। चौ. मुकेश मलिक व चौ. धाम सिंह ने कहा कि गठ़वाला खाप के गांव फुगाना, खेड़ामस्तान, करौंदा महाजन व खरड़ सहित खाप के सभी गांवों में गन्ने की पर्चियां बहुत कम आ रही है। गन्ने की पर्ची कम आने के कारण गठवाला खाप क्षेत्र में गेहूं की बुआई बहुत कम हुई है। गेहूं की बुवाई कम होने के कारण खाप क्षेत्र के किसानों के सामने पशुुुुओं के लिए भूसे व ग्रामीणों के सामने अनाज की समस्या पैदा हो जाएगी। आरोप लगाया कि गन्ने का इंडेंट भेजने में सभी चीनी मिल गठ़वाला खाप के किसानों के साथ सौतेला व्यवहार करते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या के बारे में गन्ना समिति शामली के सचिव को कई बार अवगत करवाया जा चुका है। तहसील दिवस में भी ग्रामीणों ने प्रार्थनापत्र देकर गन्ने का इंडेंट बढ़ाने की मांग की है। आरोप है कि गन्ने का इंडेंट नहीं बढ़ाया गया। मीटिंग में ग्रामीणों ने कहा कि गन्ने की अच्छी पैदावार के कारण सभी चीनी मिलों को 20 प्रतिशत सट्टा बढ़ोतरी करनी चाहिए। चीनी मिलों द्वारा ओवरलोड को लेकर काटी जाने वाली गन्ने की पर्चियों से भी ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने ओवरलोड में गन्ने की पर्चियां न काटे जाने की भी मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी की यदि उनकी समस्या का समाधान न हुआ तो गठ़वाला खाप के ग्रामीण जिला मुख्यालय पर जाकर जिला गन्ना अधिकारी का घिराव करेंगे। इस मौके पर मीटिंग में चौ. मुकेश मलिक, धाम सिंह, धर्मवीर सिंह, कुुशलपाल शर्मा, सतप्रकाश, निरंजन सिंह, बोबीलाल, राकेश व ग्राम प्रधान जितेंद्र मलिक आदि मौजूद रहे।