रुडकी रोड पर सडक किनारे फैली रेत को हटवाते सिटी मजिस्ट्रेट एवं पालिका कर्मचारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
दो इंडक्शन फर्नेस इकाइयों पर सवा लाख रुपये जुर्माना
मुजफ्फरनगर। प्रदूषण को कम करने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर जुर्माना लगाने तथा बंदी की कार्रवाई मंगलवार को भी जारी रही। दो इंडेक्शन फर्नेस इकाइयों पर सवा लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ ही दो अन्य प्लांट्स को बंद कराया गया। मंगलवार को जनपद में एक्यूआई 285 पर आ गया।
दिवाली के बाद फैले प्रदूषण को खत्म करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं प्रशासनिक अमले की कार्रवाई जारी है। बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विवेक राय ने बताया कि मेरठ रोड स्थित मेसर्स अंबा शक्ति स्टील्स लिमिटेड (फर्नेस डिवीजन) पर प्रदूषण फैलाने पर 50 हजार तथा सर्वोत्तम रोलिंग मिल्स प्राइवेट लिमिटेड (फर्नेस डिवीजन) पर 75 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अतिरिक्त रात्रि गश्त के दौरान पांच उद्योगों का निरीक्षण किया गया। इनमें एक स्लैग पिसाई की इकाई एवं एक पायरोलिसिस प्लांट का संचालन बंद कराया गया। इनमें प्रदूषण अनियंत्रित पाया गया था। उन्होंने बताया कि सात औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से तीन स्वत: ही बंद मिली, जबकि अन्य में वायु प्रदूषण को रोकने की व्यवस्था ठीक मिली। नगर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए चार टैंकर्स से भोपा रोड, सरकुलर रोड, आर्य समाज रोड, जानसठ रोड पर सड़क एवं पेड़ों पर पानी का छिड़काव कराया गया। जिले में एयर क्वालिटी इंडेक्स 285 पर आ गया है।
प्रदूषण कम हुआ लेकिन असर अभी बाकी
मुजफ्फरनगर। जिले में प्रदूषण का स्तर भले ही कम हो गया लेकिन असर बाकी है। नगर में लोग अभी भी मास्क लगाकर घूम रहे हैं। पुलिसकर्मी भी चौराहों पर मास्क लगाकर ट्रैफिक कंट्रोल करते नजर आए। मंगलवार को तेज हवा चली। इससे आसमान और भी साफ हो गया। चटक धूप खिली, लेकिन अभी भी प्रदूषण का थोड़ा असर नजर आ रहा है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर और भी कम होने की उम्मीद है।