सड़क दुर्घटना में फल विक्रेता की मौत
शाहपुर। कस्बे में बसी रोड स्थित रजबहे के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे ठेली लगाकर फल विक्रेता को रौंद दिया। फलों की ठेली को टक्कर मारने के बाद बेकाबू कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में फल विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
शाहपुर क्षेत्र के गांव बसीकलां निवासी निजाम (45) कस्बे में ठेली लगाकर फल बेचता है। कोरोना कर्फ्यू के चलते वर्तमान में वह बसी रजबहे के पास ठेली लगाकर फल बेच रहा था। शनिवार दोपहर उसकी ठेली पर खतौली निवासी शाहनजर फल खरीद रहा था। इसी दौरान बसीकलां की ओर से आती तेज रफ्तार वैगन-आर ने फलों की ठेली में टक्कर मारते हुए निजाम व शाहनवाज को चपेट में लेकर रौंद दिया। दोनों को कुचलने के बाद बेकाबू हुई कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। भीषण हादसे में फल विक्रेता निजाम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शाहनवाज के साथ ही कार चालक जनपद शामली के गांव हाथी करौंदा निवासी सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को पीएचसी भेजा, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, हादसे में मृत फल विक्रेता के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया। घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।