मुजफ्फरनगर। जिले के युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए राजकीय फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र ने प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। केंद्र में दिए जाने वाले प्रशिक्षण के बाद युवा बेकरी और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े छोटे उद्योग स्थापित कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 16 अगस्त निर्धारित की गई है।
मुख्यमंत्री ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत एक माह का बेकरी एवं कन्फेक्शनरी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें ब्रेड, बिस्किट, केक, पेस्ट्री, रस्क, कुकीज और अन्य बेकरी उत्पाद बनाने के साथ उनकी पैकेजिंग, गुणवत्ता, विपणन और लघु उद्योग स्थापित करने की जानकारी दी जाएगी।
वहीं अनुसूचित जाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 100 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण आयोजित होगा। इसमें व्यवसाय शुरू करने की योजना बनाना, सरकारी योजनाओं की जानकारी, बैंक ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया, परियोजना तैयार करना, लेखा-जोखा और विपणन जैसे विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पीएमएफएमई योजना से मिलेगा अनुदान
प्रशिक्षण केंद्र प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद लाभार्थी अपना स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं। इसके लिए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत 35 से 41 प्रतिशत तक अनुदान का भी प्रावधान है। इससे कम लागत में अपना व्यवसाय शुरू करना आसान होगा। दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 30-30 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। आवेदन 16 अगस्त तक राजकीय फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र में जमा किए जा सकते हैं।