नगर के नदी घाट पर कब्जा मुक्त जमीन पर निशान लगते तहसील कर्मचारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। सदर तहसील क्षेत्र में नदी किनारे की 60 बीघा भूमि कब्जाने वालों पर पुलिस प्रशासन ने सख्ती की। प्रशासन ने भूमि को कब्जा मुक्त कराने के साथ निशानदेही भी कर दी है। इसके अलावा तहसील के आठ गांवो में अभियान चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए और सरकारी जमीनों को मुक्त कराया गया है।नदी की जमीन पर कब्जा करने वाले एक किसान संगठन से जुड़े बताए गए हैं।
उप जिलाधिकारी सदर परमानंद झा ने बताया कि काली नदी पर खांजापुर के क्षेत्र में नदी की 60 बीघा जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जा चला आ रहा था। प्रशासन ने अवैध निर्माण के साथ बोई गई फसल को भी नष्ट कर दिया गया। प्रशासन की टीम ने तहसीलदार अभिषेक शाही के नेतृत्व में जमीन की निशानदेही की। एसडीएम परमानंद झा ने बताया कि इसके अलावा गांव बहेडी में 60 वर्ग मीटर नाले की जमीन से कब्जा हटवाया गया। गढीदुर्गनपुर गांव तालाब पर कब्जा की गई 80 वर्ग मीटर जमीन को अवैध निर्माण ध्वस्त कर मुक्त किया गया। गांव कल्लरपुर की हरिजन आबादी की 150 वर्ग मीटर जमीन को मुक्त कराया गया। गांव हैबतपुर के तालाब पर 30 वर्ग मीटर कब्जा हटवाया गया है। गांव नंगला पिथौरा में स्कूल की 100 वर्ग मीटर जमीन को कब्जा मुक्त किया गया है। बझेडी गांव में तालाब की 16 वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त किया गया है। एसडीएम ने बताया कि सरकारी जमीन पर जहां भी कब्जा किया गया है, उसे मुक्त कराने का अभियान जारी रहेगा।