मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। गांव बोपाड़ा में लोन दिलाने के नाम पर दो लोग कई महिलाओं के बैंक खातों से लाखों की नकदी उड़ा ले गए। आरोपियों ने महिलाओं को लोन दिलाने के बहाने उनके अंगुठे मशीन पर लगवाकर ठगी को अंजाम दिया। पीड़ित महिलाओं ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
थाना क्षेत्र के गांव बोपाड़ा में बृहस्पतिवार दोपहर दो लोग पहुुंचे और खुद को एक निजी फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते हुए महिलाओं को छोटा-मोटा काम करने के लिए 40 हजार रुपये का लोन देने की बात कही। गांव निवासी बेबी ने बताया कि गांव की कुछ महिलाएं उनके झांसे में आ गईं, जिनसे आरोपियों ने उनके आधार कार्ड व रुपये भेजने के लिए बैंक खाता संख्या लेते हुए एक मशीन के जरिये उनके अंगुठे के निशान भी ले लिए। इसके बाद आरोपी गांव से चले गए।
उधर, जिन महिलाओं का बैंक खाता उनके आधार कार्ड से लिंक था, उनके मोबाइल पर अचानक बैंक खाते से रुपये निकलने के मेसेज आने शुरू हो गए। जब तक महिलाएं इस संबंध में जानकारी कर पातीं, सभी के बैंक खातों से लाखों की नकदी साफ कर दी गई। आरोपियों की ठगी का शिकार होने वाली महिलाओं में बेबी के साथ ही सुमन, साबरा व हसीना समेत 15 से अधिक महिलाएं शामिल हैं। ग्राम प्रधान अरविंद का कहना है कि महिलाओं से लोन दिलाने के नाम पर ठगी की गई है, जिसकी तहरीर पुलिस को दे दी गई है। वहीं, इंस्पेक्टर ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।