एक माह में लूट-डकैती की चौथी वारदात
मुजफ्फरनगर। शहर का नई मंडी थाना क्षेत्र लुटेरों का पसंदीदा वारदात स्थल बनकर रह गया है। करीब एक माह की अवधि में ही यहां डकैती की एक और लूट की तीन वारदातें हो चुकी हैं। इनमें से डकैती की वारदात का ही पुलिस खुलासा कर पाई है, अन्य तीन अनसुलझी हैं।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में करीब एक माह पूर्व सेवानिवृत्त इंजीनियर विनय कुमार व उनकी लेक्चरार पत्नी को बंधक बनाकर बदमाशों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में चार लुटेरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया था। वहीं, डकैती के एक सप्ताह बाद ही गऊशाला रोड पर स्कूटी सवार युवक ने महिला से पर्स लूट लिया था, जबकि कंबलवाला बाग में बाइक सवार दो लुटेरों ने घर के बाहर बैठी महिला से चेन लूट ली थी। डकैती की वारदात को छोड़ दें तो एक माह की अवधि में हुई बाकी तीन घटनाओं का पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। वहीं, अब गुड़ मंडी में कारोबारी के मुनीम से चार लाख व स्कूटी लूट ली, जिसकी जांच पुलिस द्वारा शुरू कर दी गई है।
शहर में आठ चेकपोस्ट, फिर भी लुटेरे नदारद
मुजफ्फरनगर। शहर क्षेत्र में पुलिस की दस से अधिक चेकपोस्ट हैं, जिन पर अधिकांश समय पुलिस टीमें मौजूद रहतीं हैं। इनमें महावीर चौक, विश्वकर्मा चौक, अलमासपुर चौक, मीनाक्षी चौक, शिवचौक, सुजड़ू चुंगी, वहलना चौक, ईदगाह तिराहा शामिल हैं। इसके अलावा, प्रकाश चौक, अस्पताल चौक, हनुमान चौक, शामली स्टैंड, सोल्जर्स बोर्ड समेत अन्य कई प्वाइंटों पर पुलिस पिकेट भी हर समय तैनात रहती है। इसके बावजूद नई मंडी क्षेत्र में लुटेरे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देते हैं और पुलिस को धता बताकर फरार हो जाते हैं, जो सीधे तौर पर पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान है।
एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि हर वारदात की मॉनिटरिंग कर लुटेरों की तलाश की जाती है। किसी-किसी घटना में समय अधिक लग जाता है, लेकिन फिलहाल कोई भी बड़ी वारदात जिले में लंबित नहीं है। शहर क्षेत्र में हो रही घटनाओं में भी लुटेरों को चिह्नित किया जा रहा है। कई टीमें भी लगाईं गईं हैं, बहुत जल्द इनका भी खुलासा किया जाएगा।