संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। पंजाब आने-जाने वाली चार ट्रेन शनिवार को एक से छह घंटा लेट पहुंचीं। स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार करने वाले यात्रियों को ट्रेन लेट चलने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए ट्रेनों के लेट चलने के बारे में रेलवे विभाग लगातार जानकारी देता रहा।
वाया मुजफ्फरनगर होकर राजस्थान के बाडमेर से जम्मू तवी जाने वाली शालीमार एक्सप्रेस दो घंटा, अमृतसर जक्शन से कैथर जक्शन जाने वाली कैथर स्पेशल एक्सप्रेस छह घंटा, पुरानी दिल्ली से अंबाला कैंट जाने वाली इंटर सिटी एक्सप्रेस ट्रेन एक घंटा व जम्मू तवी से बाडमेर जाने वाली शालीमार एक्सप्रेस तीन घंटा लेट पहुंची।
ट्रेनों में सफर करने के लिए यात्री ट्रेन के निर्धारित समय से पहले ही रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए थे, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें ट्रेनों के लेट चलने की जानकारी हुई। इससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। खालापार निवासी दिलशाद ने बताया कि उन्हें जम्मू तवी ट्रेन से दिल्ली जाना था, लेकिन वह तीन घंटा लेट थी। इसके बाद वह अन्य वाहन से अपनी मंजिल के लिए रवाना हो रहे हैं। रेलवे अधिकारियों ने ट्रेनों के लेट रहने के बारे में जानकारी होने से इनकार किया है।