- घेराबंदी करने और जवाबी कार्रवाई में चारों बदमाशों ने किया आत्मसमर्पण
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन पुलिस की दो कारों में सवार चार बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। घेराबंदी करने और जवाबी कार्रवाई पर चारों बदमाशों ने आत्मसमर्पण कर दिया। चारों आरोपी अपराध करने के इरादे से घूम रहे थे। आरोपियों से चार तमंचे बरामद हुए हैं।
एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि सिविल लाइन थाना पुलिस को सोमवार तड़के गश्त के दौरान दो कारों में सवार चार बदमाश शिव चौक की तरफ से बचन सिंह चौक की तरफ आते दिखाई दिए तो उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। जो रुकने के बजाए व कार को पचेंडा पुल के नीचे से रेलवे के माल रोड पर भगा ले गए।
आगे रास्ता बंद होने पर उन्होंने कार से उतर कर पुलिस पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई व घेराबंदी करते हुए पुलिस ने चेतावनी दी। तब चारों बदमाशों ने आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनसे चार तमंचे बरामद किए।
आरोपियों ने अपने नाम भौरा कलां के गांव मोहम्मदपुर मॉडर्न निवासी आयुष, वतन बालियान, गांव खेड़ी सूड़ियान निवासी सुमित बालियान व शहर कोतवाली के गांव बहेड़ी निवासी वासु उर्फ वासुदेव शुक्ला बताए। आयुष और वतन बालियान के खिलाफ पूर्व में घर में घुस कर जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न धाराओं के आठ मामले भौरा कलां व अन्य थाने में दर्ज हैं।
अन्य दोनों आरोपियों का यह पहला अपराध होने की जानकारी मिली है। अभी पुलिस आरोपियों के और भी अपराधों के बारे में जानकारी जुटा रही है। एक कार गिरफ्तार किए गए सुमित ने अपनी तो दूसरी कार को वासु ने दिल्ली निवासी अभिषेक से खरीदना बताया। जिसे अभी नाम नहीं कराया जा सका। चारों आरोपियों का चालान कर दिया है।