जाम लगा रहे लोगों से बात करती सपा नेता शशिबाला पुंडीर व सीओ रजनीश उपाध्याय
- फोटो : DEVBAND
कार्तिक हत्याकांड का खुलासा नहीं होने पर लगाया चार घंटे जाम
देवबंद। कार्तिक हत्याकांड का एक सप्ताह बाद भी खुलासा नहीं होने से गुस्साए भायला गांव के ग्रामीणों ने देवबंद नानौता मार्ग पर जाम लगाया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच नोंकझोंक भी हुई। सपा नेता व पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने उच्चाधिकारियों से हत्याकांड का खुलासर करने पर बात की। इसके बाद ग्रामीणों ने करीब चार घंटे बाद जाम खोला।
भायला गांव निवासी प्रमोद कुमार का बेटा कार्तिक (13) 15 दिसंबर को लापता हो गया था। अगले दिन परिजनों ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 19 दिसंबर को कार्तिक का शव गांव के जंगल में पड़ा मिला था। एक सप्ताह गुजरने के बाद भी पुलिस हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज भायला गांव के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को देवबंद नानौता मार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर एसडीएम राकेश कुमार, सीओ रजनीश कुमार उपाध्याय और इंस्पेक्टर अशोक सोलंकी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान उनकी ग्रामीणों से नोंकझोंक भी हुई। इसके बाद सपा नेता व पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ग्रामीणों के बीच पहुंची और एसएसपी डा. एस चिनप्पा से हत्याकांड का खुलासा न होने पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र इसका खुलासा करने की मांग की। कहा कि यदि 15 दिन के अंदर खुलासा न किया गया तो वह ग्रामीणों के साथ सड़क पर बैठकर जाम लगाएंगी। एसएसपी ने जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करने का आश्वासन दिया। पूर्व विधायक के कहने पर ग्रामीण शांत हुए। सीओ रजनीश उपाध्याय ने बताया कि खुलासे के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही खुलासा किया जाएगा। वहीं, चार घंटे जाम लगे होने के चलते सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। इस दौरान वाहन चालक गांव दर गांव होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाते देखे गए।