जिला कारागार के चार बंदी भी हुए पास
मुजफ्फरनगर। जिला कारागार में बंद चार विचाराधीन बंदी भी यूपी बोर्ड इंटर की परीक्षा में पास हुए है। इनमें से एक ने प्रथम श्रेणी तथा तीन ने द्वितीय श्रेणी पाई है। तीन हत्या के मामले में और एक गैंगस्टर में जेल में बंद है।
जेल अधीक्षक एके सक्सेना ने बताया कि इस बार जिला कारागार में बंद चार बंदियों ने इंटर साइंस की परीक्षा दी थी। डासना जेल में इन्होंने एग्जाम दिए थे। शनिवार को आए परीक्षाफल में चारों पास हुए हैं। उन्होंने बताया कि पुरकाजी के मारकपुर निवासी अभिषेक कुमार हत्या के मामले में बंद है। उसने 67 प्रतिशत अंक लेकर प्रथम श्रेणी पाई है। शामली के गांव बाबरी निवासी संदीप उर्फ प्रदीप गैंगस्टर में बंद है, उसने 55 प्रतिशत अंक हासिल किए है। शास्त्रीनगर शामली निवासी रामदेव हत्या के मामले में बंद है। उसके 54 प्रतिशत अंक आए है। इसके अलावा मंसूरपुर के गांव सोंटा निवासी कृष्णकुमार भी हत्या के मामले में जेल में बंद है। वह भी 48 प्रतिशत अंक लेकर पास हुआ है। जेल अधीक्षक सक्सेना ने बताया कि चारों ने इंटर विज्ञान वर्ग में परीक्षा दी थी।