बुढ़ाना में अधिशासी अधिकारी द्वारा जब्त की गई प्रतिबंधित पॉलीथीन बैग से भरे बोरे।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने पुलिस बल के साथ एक पिकअप गाड़ी को कब्जे में लेकर दुुकानदार द्वारा कस्बे में लाए गए प्रतिबंधित पॉलिथीन बैग जब्त किए। अधिशासी अधिकारी ने प्रतिबंधित पॉलिथीन बैग लाने वाले दुकानदार से 5 हजार रूपये का जुर्माना वसूला।
नगर पंचायत द्वारा कस्बे में प्रतिबंधित पॉलिथीन बैग के खिलाफ अभियान चलाया है। उनके सूचना तंत्र द्वारा मोबाइल पर सूचना मिली कि कस्बे के दुकानदार सचिन द्वारा बोलेरो पिकअप में प्रतिबंधित पॉलिथीन बैग भरकर कस्बे में सप्लाई के लिए लाए गए हैं। सूचना मिलते ही अधिशासी अधिकारी ओमगिरि अपने साथ उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह सहित पुलिस बल को लेकर नदी वाला मंदिर के पास पहुंचे। उन्होंने पुलिस बल के साथ प्रतिबंधित पॉलिथीन बैग से भरी पिकअप गाड़ी को कब्जे में ले लिया। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि गाड़ी से करीब साढ़े चार क्विंटल प्रतिबंधित पॉलिथीन बैग जब्त की गई है। इन्हें कस्बे में बेचने के लिए लाने वाले दुकानदार सचिन से नगर पंचायत द्वारा 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी दुकानदार के पास प्रतिबंधित पॉलिथीन बैग पाए गए तो जुर्माना व उसके खिलाफ अपराध पंजीकृत करवाया जाएगा।