व्यापारी के परिजनों पर हमले के चार आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। हाईवे के बागोवाली चौराहा स्थित गणपति ढाबे पर गांधी कॉलोनी के परिवार से मारपीट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पुलिस ने मुकदमे से डकैती की धारा को घटना के दूसरे ही दिन हटा दिया।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांधी कॉलोनी निवासी कपड़ा व्यापारी आकाश अरोरा परिवार के साथ मंगलवार रात खाना खाने हाईवे स्थित गणपति ढाबे पर गए थे। वहां पनीर की सब्जी को लेकर आकाश की वेटर से कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ने पर होटल कर्मियों ने पूरे परिवार पर हमला कर दिया था, जिसमें आकाश के साथ ही विक्की अरोरा, गार्गी अरोरा, अनीता धमीजा, श्रेया धमीजा, समर्थ धमीजा व संयम धमीजा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बुधवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी आशु निवासी मोदीनगर, सागर निवासी सलेमपुर, विकास वर्मा व सागर निवासी मोहल्ला रामपुरी को गिरफ्तार कर लिया था, जिन्हें बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया गया।
उधर, पुलिस ने दूसरे ही दिन इस मुकदमे से डकैती की धारा हटा दी। इसके चलते पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, बृहस्पतिवार को होटल पर मारपीट की एक सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई है, जिसमें पूरा घटनाक्रम कैद बताया जा रहा है। इस वीडियो फुटेज में पहले पीड़ित परिवार द्वारा ही होटल कर्मचारियों के साथ हाथापाई करने की बात सामने आ रही है। वहीं, बाद में परिवार द्वारा होटल मालिक पर भी हमला करने की घटना फुटेज में है। इसके आधार पर अब होटल मालिक की ओर से भी मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग उठनी शुरू हो गई है।
इंस्पेक्टर योगेश शर्मा का कहना है कि मामले में पीड़ित परिवार के साथ लूटपाट जैसी कोई बात सामने नहीं आई है, इसके चलते डकैती की धारा को हटा दिया गया है। पीड़ित परिवार की ओर से दर्ज मुकदमे में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।