सिविल लाइन पुलिस की गिरफ्त में आये अवैध शस्त्र बनाने के आरोपी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बंद ईंट भट्ठे पर चलती मिली तमंचा फैक्टरी
मुजफ्फरनगर। गांव बझेड़ी मार्ग स्थित बंद पड़े ईंट-भट्ठे में चलाई जा रही तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से बने-अधबने तमंचे, पार्ट्स और उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में रविवार दोपहर आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी देहात नेपाल सिंह ने बताया कि इंस्पेक्टर डीके त्यागी के नेतृत्व में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने गांव बझेड़ी मार्ग स्थित बंद पड़े ईंट-भट्ठे पर छापा मारा। एसपी देहात ने बताया कि भट्ठे पर तमंचा फैक्टरी चलती मिली, जहां मौके पर मौजूद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में इलियास, निवासी महमूदनगर और दीनू उर्फ दीन मोहम्मद, निवासी हाजीपुरा शामिल हैं। मौके से दस तमंचे, तीन अधबने तमंचे, 11 नाल के साथ ही कारतूस और असलहा बनाने के उपकरण बरामद किए गए। एसपी देहात ने बताया कि आरोपी करीब एक पखवाड़े से तमंचा फैक्टरी चला रहे थे। तमंचे बनाने के बाद आरोपी उन्हें देहात क्षेत्र में ढाई हजार से साढ़े तीन हजार रुपये तक सप्लाई कर रहे थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।