व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि उनका संगठन व्यापारियों के हितों की लड़ाई लड़ेगा। सुरक्षा और सम्मान के साथ उत्पीड़न रहित कर ढांचा व्यापारी की मूलभूत आवश्यकता है। रुड़की रोड पर एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अशोक गोयल ने कहा कि देश के साढ़े पांच करोड़ व्यापारी चाहे छोटा दुकानदार हो या बड़ा उद्यमी, सभी राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े हैं।
संगठन का उद्देश्य एकजुटता, शोषण के विरुद्ध आवाज उठाना, व्यापारियों को सुरक्षा और सम्मान दिलाना है। जीएसटी में अव्यवहारिक नियमों में संशोधन होना चाहिए। व्यापारी पेंशन, दुर्घटना बीमा के साथ राजस्व का एक प्रतिशत व्यापारी कल्याण कोष में जमा होना चाहिए। अशोक गोयल ने श्रीमोहन तायल को प्रदेश महामंत्री बनाने के साथ उन्हें पश्चिम का प्रभारी घोषित किया।
सुशील सिल्लो को प्रदेश उपाध्यक्ष, राहुल गोयल को मंडल प्रभारी, ब्रिजेश दीक्षित को जिला चेयरमैन, विश्वजीत गोयल को जिलाध्यक्ष बनाने की घोषणा की। रेवती नंदन सिंघल, राजकुमार जैन, पूर्व विधायक अशोक कंसल, मनोज जैन को संरक्षक बनाया गया है। मौके पर संजय मित्तल, राजकुमार रहेजा, आदित्य जैन, हर्षित गर्ग, अंकित गोयल, नितिन कुच्छल, कपिल सिंधी, देवेंद्र, मनोज सैनी आदि मौजूद रहे।