मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान शहीद चौक पर भड़काऊ भाषण देने के मामले में आरोपियों पर आरोप तय नहीं हो सके। पूर्व मंत्री सईदुज्जमां और उनके बेटे सलमान सईद कोर्ट में पेश हुए। बचाव पक्ष ने कहा कि सेशन कोर्ट में रिवीजन दाखिल किया गया है। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 16 अगस्त की तिथि नियत की।
करीब 11 साल पहले 30 अगस्त 2013 को शहर के शहीद चौक पर बिना अनुमति के जनसभा करने के आरोप में पूर्व मंत्री समेत 10 आरोपी बनाए गए थे। जुमे की नमाज के बाद आयोजित जनसभा में भड़काऊ भाषण देने पर पूर्व मंत्री सईदुज्जमा, पूर्व विधायक नूरसलीम राना, पूर्व विधायक मौलाना जमील सहित अन्य नेताओं के खिलाफ मुकदमा अदालत में विचाराधीन है।