कोहरे से मचा कोहराम, हादसे में दो लोगों की मौत
मुजफ्फरनगर। घने कोहरे ने शाम होते होते जनपद की सड़कों पर फिर से कोहराम मचा दिया। देर शाम जनपद के खतौली, शाहपुर व भोपा क्षेत्र में हुए अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घने कोहरे में शून्य दृश्यता के चलते हुई वाहनों की भिड़ंत लोगों की जान पर भारी पड़ी।
खतौली के मीरापुर क्षेत्र के गांव कुतुबपुर निवासी इरफान (30) वर्तमान में गांव सठेड़ी में परिवार समेत रहकर मजदूरी करता था। बुधवार को वह मजदूरी करने खतौली आया था। शाम खतौली से लौटते समय जैसे ही वह साइकिल से बुढ़ाना रोड स्थित एक पब्लिक स्कूल के पास पहुंचा, पीछे से आते अज्ञात वाहन ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में इरफान गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर जाटान निवासी उदयराज (40) मेरठ में किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता था। बुधवार शाम वह बाइक पर मेरठ से घर लौट रहा था। देर शाम जैसे ही युवक गांव बसधाड़ा के निकट पहुंचा, सामने से आते तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी चालक ट्रक लेकर वहां से भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया तो आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, थाना क्षेत्र में हरसौली पुलिस चौकी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से गांव तावली निवासी मनव्वर व अरमान गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया।
भोपा थाना क्षेत्र के मोरना मार्ग स्थित रहकड़ा पुलिया के पास घने कोहरे के चलते तेज रफ्तार ने सामने से आती बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बेकाबू कार सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में कार सवार मोहल्ला रामलीला टिल्ला निवासी सचिन, शाहबुद्दीनपुर निवासी शिमला के साथ ही बाइक सवार भोपा निवासी ऋषिपाल व मोरना निवासी दीपक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को ले जाकर सीएचसी में भर्ती कराया।