मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। शहर में पांच नए पॉजिटिव केस मिले हैं। एक दिसंबर से अब तक 26 मामले सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कांटेक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी है।
दिसंबर 2021 में गांधी कॉलोनी और खतौली क्षेत्र के गांव में एक साथ दस संक्रमित मिले थे। सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। संक्रमण की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कांटेक्ट ट्रेसिंग कराई, जिनमें दो लोग बाद में भी संक्रमित मिले थे। संक्रमण की यह चेन अभी तक नहीं टूट सकी है। इन्हीं परिवारों के पांच सदस्यों का सैंपल स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को लिया था। रविवार को रिपोर्ट पॉजेटिव आई है। सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि पांच संक्रमित मिले हैं, जिन्हें दवाईयां दी गई है। परिवार के सदस्यों से अलग रखकर उपचार किया जा रहा है। जिले सक्रिय केस वर्तमान में 14 हो गए हैं। दिसंबर से अब तक कुल 26 मामले सामने आ चुके हैं। संक्रमितों का सैंपल ओमिक्रॉन टेस्ट के लिए भी लिया गया है। हालांकि अभी तक मिले 26 मामलों में ओमिक्रॉन की पुष्टि नहीं हो सकी है।
खुलते ही फुल हो गए स्लॉट
किशोरों के टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिला महिला अस्पताल समेत तीन स्थानों पर सौ-सौ टीकों के स्लॉट खोले थे। कुछ ही देर में तीनों जगह स्लॉट फुल हो गए। सीएमओ ने बताया कि टीकाकरण स्थलों पर पहले ऑनलाइन पंजीकरण कराने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद मौके पर पंजीकरण कराने वालों को टीका लगेगा।