पांच खोखा दुकानों में आग लगी, लाखों का सामान जला
मुजफ्फरनगर, जानसठ। कस्बे में बुधवार देर रात को पांच खोखा दुकानों में आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। रात में फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग को बामुश्किल बुझाया। पीड़ित दुकानदारों ने खोखों में आग लगाने के मामले में अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है।
कस्बे में सीएचसी के पास दुकानदारों के खोखे रखे हैं। बुधवार रात में आंधी तूफान के साथ बारिश हुई। बारिश थमने के बाद देर रात डेढ़ बजे सतीश धीमान, साजिद, राजू के जूते चप्पल के खोखा दुकानों तथा बराबर में ही कुलदीप व राजकुमार के किराना की खोखा दुकानों में आग लगा दी। पड़ोस में रहने वाले परिवार के लोगों ने आग की लपटें व धुंआ उठते हुए देखा तो उन्होंने दुकानदारों को मोबाइल पर जानकारी दी। दुकानदार रात में मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस व दुकानदारों ने आग को बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि पास जाने की हिम्मत भी नहीं हो रही थी। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को फोन किया। दमकलकर्मियों ने खोखा दुकानों में लगी आग को बामुश्किल बुझाया। जब तक आग बुझी, तब तक खोखा दुकानों में रखे जूते चप्पल व किराना का लाखों रुपयों की कीमत का माल जलकर राख हो चुका था। पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि उनके खोखा दुकानों में जानबूझ कर आग लगाई गई है।