उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो विवाहित जोड़ों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
सर्किल ऑफिसर गजेंद्रपाल सिंह के अनुसार, पहली घटना शाहपुर-मुजफ्फरनगर रोड पर किनौनी गेट के पास हुई, जहां एक कार और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर में कपिल (30), उनकी पत्नी ममतेश (28) और रमेशो देवी (26) की मौत हो गई।
कपिल बाइक चला रहा था और ममतेश पीछे बैठी थीं, जबकि रमेशो देवी कार में यात्रा कर रही थी। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में चार अन्य घायल हो गए।
दूसरी घटना में, एक तेज रफ्तार ट्रक ने बालेंद्र (38) और उनकी पत्नी कामेश (34) को उस समय कुचल दिया, जब वे दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर सिखेड़ा गांव में शिव मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक वाहन लेकर घटनास्थल से फरार हो गया।