चरथावल पुलिस द्वारा कार समेत मिलावटी शराब के साथ पकड़े गए आरोपी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
हरियाणा से शराब लाकर मिलावट करते पांच दबोचे
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। हरियाणा से अवैध शराब लाकर मिलावटी कर तस्करी करने वाले गिरोह के पांच सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ गए। एक आरोपी मौके से फरार हो गया। खुसरोपुर के जंगल में शराब तस्कर अवैध भट्ठी संचालित कर हरियाणा से लाई गई शराब को मिलावट कर रहे थे। पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी पकड़े गए।
थाना प्रभारी सूबे सिंह यादव ने बताया कि पुलिस को खुसरोपुर के जंगल में घनश्याम के बाग में अवैध शराब की भट्ठी संचालित होने की खबर लगी थी। उन्होंने टीम गठित कर बाग की घेराबंदी कर दी। मौके पर छह लोग शराब की भट्ठी पर मिलावटी शराब तैयार कर रहे थे। उनके पास कच्चे माल और हरियाणा की शराब काफी मात्रा में मौजूद थी। अचानक पुलिस से घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर फायर कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और मौके से पांच लोगों को भारी मात्रा में मिलावटी शराब के साथ दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में शाहपुर के गांव बरवाला का विकेश उर्फ विक्की और देवेंद्र कुमार उर्फ देवी, हरियाणा के सोनीपत जनपद के थाना गन्नौर के गांव अटेलनगर निवासी नवीन पुत्र धर्मेंद्र, जनपद शामली के कांधला थाना के गांव मीमला निवासी प्रताप पुत्र चमन और हरियाणा के पानीपत जनपद के गांव मतलौरा निवासी नरेश पुत्र महावीर को गिरफ्तार किया है जबकि कैराना क्षेत्र रामड़ा निवासी एक आरोपी मौके से फरार हो गया। मौके से 25 पेटी हरियाणा मार्का रसिला संतरा शराब, 10 किग्रा यूरिया, 50 खाली पव्वे और 12 बोतल, शराब बनाने के उपकरण और बर्तन, तीन तमंचे, दो चाकू, एक सेंट्रो कार, एक बाइक बरामद करने में कामयाबी हासिल की है।