नगरपालिका परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष अंजू अग्रवाल और 50 वार्डों से चुनकर आए सभासदों को डीएम जीएस प्रियदर्शी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद अंजू अग्रवाल ने कार्यभार ग्रहण किया। वह नगर पालिका के इतिहास में पहली महिला चेयरमैन बनी हैं।
टाऊन हाल के मैदान में आयोजित समारोह में चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने शपथ ग्रहण की। चेयरमैन और शहर के 50 वार्डों से चुनाव जीतकर आए सभासदों को डीएम जीएस प्रियदर्शी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण करने के साथ ही नवनिर्वाचित बोर्ड वजूद में आ गया। टाऊनहाल मैदान में पालिका प्रशासन की ओर से नए बोर्ड के शपथ ग्रहण के लिए सादे समारोह का प्रबंध किया गया था।
शपथ ग्रहण करने के उपरांत शहर की पहली महिला चेयरमैन बनी अंजू अग्रवाल ने कांग्रेस और रालोद नेताओं की भीड़ के बीच अपने परिजनों के साथ पालिका कार्यालय पहुंचकर अपनी सीट संभाली और कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद चेयरमैन अग्रवाल ने कांग्रेस और रालोद नेताओं के साथ पालिका परिसर में स्थित पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, महान क्रांतिकारी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।
अग्रवाल ने पालिका परिसर स्थित पीर पर पहुंचकर चादर भी चढ़ाई। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य रूप से नगर विधायक कपिलदेव अग्रवाल, पूर्वमंत्री दीपक कुमार, पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक, पूर्व विधायक सोमांश प्रकाश, पूर्व चेयरमैन पंकज अग्रवाल, सपा जिलाध्यक्ष गौरव स्वरूप, रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नानू मियां, तारीक कुरैशी, शहराध्यक्ष सतीश गर्ग, लाला मूलचंद सराफ, अशोक अग्रवाल, शिवनारायण अग्रवाल, नरेंद्र पाल वर्मा, हरेंद्र त्यागी, योगेश भगत, सुबोध शर्मा, सत्यप्रकाश रेशू,
गुफरान काजमी, आनंद प्रकाश त्यागी, सतीश शर्मा, मुजस्सिम, श्रवण गुप्ता, दीपक गोयल, अमित बिंदल, संदीप कुमार, अमित गुप्ता, बिलकिस चौधरी, आरती अग्रवाल, अमित गर्ग, काजी जहीर आलम, जगदीश अरोरा, राजकुमार नरुला, शरद कपूर, सुधीर भारतीय, अभिषेक चौधरी, विशाल गर्ग, संजय मित्तल, राजेंद्र काटी, पंकज मित्तल, अनिल ऐरन, कीर्ति भूषण अग्रवाल, असद फारूकी, सतनाम सिंह हंसपाल, राकेश पुण्डीर, रविन्द्र बालियान आदि मौजूद रहे।
महिलाओं के विकास और सुरक्षा पर फोकस रहेगा
नगर पालिका परिषद की चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने पदभार संभालने के बाद कहा कि शहर की वह पहली महिला चेयरमैन बनी हैं, इस नाते उनका पहला दायित्व शहरी महिलाओं का सशक्तीकरण करना है। वह महिलाओं के विकास और सुरक्षा पर ज्यादा ध्यान देंगी।
नगर पालिका कार्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में अंजू अग्रवाल ने कहा कि जनता ने उनके प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए बड़ी जीत के साथ ही बड़ी जिम्मेदारी भी सौंपी है। उन्होंने इसे सच्चाई और ईमानदारी की जीत बताते हुए कहा कि जनता ने जिन उम्मीदों के साथ उन्हें चेयरमैन चुना है, वो उनको पूरा करने का भरसक प्रयास करेंगी। सभी को साथ लेकर आगे बढ़ेंगी।
अंजू अग्रवाल ने कहा कि भतीजे पंकज अग्रवाल ने पांच साल चेयरमैन रहकर शहर को अभूतपूर्व विकास देने का काम किया है। उनके जो कार्य और सपने शहरी विकास के लिए अधूरे रह गए हैं, वह उन्हें पूरा करने का काम करेंगी। महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के लिए वह स्कूल-कॉलेजों और मुख्य चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही रात्रि में पथ प्रकाश की उचित व्यवस्था करेंगी।
अभी तक उन जैसी महिलाओं ने घर संभाला है, अब हम एकसाथ एकजुट होकर पालिका और शहर को संभालने का काम करेंगी। शहर को विकास की बुलंदियों तक ले जाना उनकी प्राथमिकता है। शहर के चौराहों का सुंदरीकरण कराएंगे। स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा शहर हम नगरवासियों को देंगे। जिला प्रशासन से सामंजस्य बनाकर जाम की समस्या का निदान कराएंगे। बिना भेदभाव के सभी 50 वार्डों में विकास कार्य कराएंगे।