दूसरे निकाह का विरोध करने पर फायरिंग
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरा निकाह करने वाले युवक ने पकड़े जाने पर अपने साथियों को बुलाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। पुलिस ने मौके से चार युवकों को धर दबोचा, जबकि अन्य फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बा खतौली निवासी युवक का निकाह हापुड़ जनपद के कस्बा गढ़मुक्तेश्वर निवासी महिला अधिवक्ता से हुआ था। काफी समय से दंपती में मनमुटाव के चलते युवक की पत्नी मायके में ही रह रही है। 30 जून को युवक ने बिना पहली पत्नी को तलाक दिए मीरापुर कस्बे के मोहल्ला कोटला तहबलपुरा निवासी युवती से गुपचुप दूसरा निकाह कर लिया। देर शाम युवक दूसरी पत्नी को परिजनों से मिलाने कोटला तहबलपुरा आया था। किसी तरह इसकी भनक पहली पत्नी को लग गई, जिस पर वह अपने परिजनों के साथ कस्बे में युवक की दूसरी पत्नी के घर जा धमकी और हंगामा कर दिया। पहली पत्नी को देख युवक ने खतौली फोन कर अपने कई साथियों को मीरापुर बुला लिया। आरोप है कि युवक के साथियों ने कस्बे में पहुंचते ही पहली पत्नी व उसके परिजनों से मारपीट करते हुए उन पर फायरिंग कर दी, जिससे हड़कंप मच गया। इससे गुस्साए मोहल्ले के लोगों ने घेराबंदी कर दूसरा निकाह करने वाले युवक व उसके साथियों को घेर लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फायरिंग करने वाले चार युवकों को दबोच लिया, जबकि आरोपी युवक समेत अन्य फरार हो गए।
एसआई जितेंद्र शर्मा ने बताया कि फायरिंग करने वाले दोनों युवकों के लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर लिए गए हैं, जिनके निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।