मुजफ्फरनगर। शिवचौक स्थित बीएसएनएल दफ्तर के पास एक कार में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामपुरी निवासी अजहर की गांधी कॉलोनी फाटक के पास कार वर्कशॉप है। बुधवार रात अजहर अपने भाई शमशेर की कार लेकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह शिवचौक के निकट स्थित बीएसएनएल दफ्तर के सामने पहुंचा, तभी कार की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हो गया और बोनट से धुआं निकलने लगा। यह देख अजहर तत्काल कार से बाहर निकल गया। जब तक वह कुछ समझ पाता, बोनट से आग की लपटें निकलने लगीं, जिसने पूरी कार को चपेट में ले लिया। सूचना पर एफएसओ ऋषभ पंवार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार में लगी आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार लगभग पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। इस संबंध में किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई है।
-----------
नमकीन फैक्टरी में लगी आग से हड़कंप
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कच्ची सड़क स्थित नमकीन फैक्टरी में बृहस्पतिवार शाम अचानक भट्ठी से निकली चिंगारी से आग लग गई। फैक्टरी में काम करने वाले प्रमोद नामक व्यक्ति की सूचना पर पहुंची फायरब्रिगेड ने त्वरित कार्रवाई कर आग पर काबू पा लिया, जिससे फैक्टरी में आग से किसी तरह का नुकसान नहीं हो सका। दमकल विभाग का कहना है कि फैक्टरी एक घर में ही छोटे स्तर पर चलाई जा रही थी, जिससे आग से किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।