आनंद मार्केट में आग से जला सामान
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
शार्ट सर्किट से लगी प्लास्टिक के सामान की दुकान में आग
मुजफ्फरनगर। शहर के आनंद भवन बाजार में प्लास्टिक का सामान बेचने वाली दुकान में रविवार सुबह शार्ट सर्किट से आग लग गई। चौकीदार की सूचना पर दुकान मालिक व दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस घटना में काफी नुकसान होना बताया गया है।
शहर कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर आनंद भवन में महेंद्र जनरल स्टोर के नाम से प्लास्टिक का सामान बेचने की दुकान है। रोजाना की तरह शनिवार रात को दुकान बंद कर दुकान मालिक घर चले गए थे। आनंद भवन में कुछ लोग लगभग पौने चार बजे घूमने निकले थे तो उन्होंने दुकान के शटर के नीचे से धुुआं निकलते देेेखा। किसी परिचित ने यह सूचना दुकान मालिक को दी। चंद मिनट बाद ही दुकान मालिक भी मौके पर पहुंच गए। वह खुद दमकल विभाग कार्यालय सूचना देने पहुंचे, इसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पहुंची।
दुकान के अंदर रखा प्लास्टिक का सामान आग से पिघल चुका था और वह शटर के पास पहुंच गया, जिस कारण शटर जाम हो गया था और काफी गर्म भी हो गया था। काफी प्रयासों के बाद भी शटर नहीं खुला। इस बीच दमकल टीम ने शटर के नीचे से किसी तरह पानी अंदर पहुंचाया। पानी की ज्यादा खपत होने के कारण विभागीय टीम को पानी का भरा दूसरा टैंकर भी बुलाना पड़ा। लगभग पौन घंटे की मशक्कत के बाद शटर खोला गया और इसके बाद आग पर काबू पाया गया। एफएसओ विश्वास गर्ग ने बताया कि आग की इस घटना में हुए नुकसान के बारे में अभी दमकल विभाग को लिखित में नहीं दिया गया। आग दुकान में लगे विद्युत कनेक्शन के पास हुए शार्ट सर्किट से लगी थी।